बड़हलगंज के छितौनी में मंगलवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने कोल्ड ड्रिंक्स के सेल्समैन से 13 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के वक्त वह दुकानदारों को सप्लाई देकर लौट रहे थे। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेरेबंदी की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। पीड़ित सेल्समैन ने तहरीर दी है।
गोला प्रतिनिधि के अनुसार ककरही गांव के रहने वाले शिवराम शुक्ला के पास कोल्ड ड्रिंक्स और फूड सप्लीमेंट की एजेंसी है। मंगलवार की दोपहर वह भर्रोह क्षेत्र के दुकानदारों को सप्लाई देकर मदरिया की तरफ जा रहे थे। छितौना गेट के पास उनके टेंपो के ढाला में लगा पटरा नीचे गिर गया। जानकारी होने पर शिवराम ने टेंपो रोककर खलासी को पटरा लाने के लिए भेजा।
इसी बीच पीछे की तरफ से आए बाइक सवार दो युवकों ने तमंचा सटाकर जेब में रखे 13 हजार रुपये निकाल लिए। वारदात के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए बड़हलगंज की तरफ फरार हो गए। घटना की जानकारी शिवराम ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। बड़हलगंज और गोला के एसओ मौके पर पहुंचे। शिवराम ने उन्हें बताया कि बदमाशों ने गमछे से मुंह बांधा था।
घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। देर शाम तक पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। अधिकारियों के हस्तक्षेप पर बड़हलगंज पुलिस ने लूट का केस दर्ज किया। एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।