खोराबार के कुसम्ही में दवा व्यापारी प्रेम शंकर जायसवाल की मंगलवार को मौत हो गई। मौत के बाद ही आनन-फानन में घरवालों ने शव की अंत्येष्टि कर दी। गांव में चर्चा है कि व्यापारी ने गोली मार कर खुदकुशी की है, मगर घरवाले मौत के पीछे कई बीमारियों का हवाला दे रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन में घर से लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली है। इंस्पेक्टर खोराबार ने बताया कि बंदूक से गोली चलने के सबूत नहीं मिले हैं, मगर जांच जारी है।
कुसम्ही निवासी प्रेम शंकर जायसवाल (55) का बाजार में ही मेडिकल स्टोर है। बताया जाता है कि पारिवारिक विवाद के कारण वह पिछले कुछ दिनों से परेशान थे। मंगलवार को उनकी अचानक मौत हो गई। उन्हें मोहद्दीपुर के एक नर्सिंग होम में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया था। डॉक्टर ने व्यापारी की पल्स चेक की। जैसे ही उन्होंने व्यापारी को मृत घोषित किया, वैसे ही घर वाले उन्हें लेकर लौट गए। आनन-फानन में दाह संस्कार भी कर दिया।
सुबह 11 बजे हुई इस घटना की सूचना पाकर खोराबार पुलिस भी मौके पर गई लेकिन बिना जांच-पड़ताल के ही लौट गई। पूरी घटना की जानकारी एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज को मिली। उन्होंने खोराबार इंस्पेक्टर से पूछताछ शुरू की तो पुलिस हरकत में आई और मौके पर फिर पहुंचकर लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली।
व्यापारी की मौत की सूचना पर गई पुलिस ने बंदूक कब्जे में ले लिया है। खोराबार पुलिस के मुताबिक बंदूक से गोली चलने के सबूत नहीं मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है।
- सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी