हरनही।
पुरानी रंजिश में सेक्रेटरी ने कोटेदार पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। घायल कोटेदार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। विवाद की सूचना पर बांसगांव और खजनी पुलिस पहुंची लेकिन सीमा विवाद में घंटों उलझी रही। बांसगांव थाने में आरोपी सेक्रेटरी का क्रिमनल रिकार्ड है।
बांसगांव इलाके के हरदीचक निवासी प्रमोद गुप्ता गांव के कोटेदार हैं। सोमवार शाम सात बजे प्रमोद उनवल चौराहे से घर लौट रहे थे। आरोप है कि खजनी इलाके के कठीचा विंदन गांव के पास सेक्रेटरी रामपलट यादव ने साथी के साथ रास्ते में कोटेदार को घेर लिया और फायरिंग की, मगर गोली मिस हो गई। फिर उसने कोटेदार को हॉकी से पीटा। घायल प्रमोद ने सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर बांसगांव पुलिस पहुंची, घटना स्थल का मुआयना किया फिर सीमा विवाद बताकर पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद खजनी पुलिस ने जांच शुरू की। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एसओ खजनी ने बताया कि आरोपी सेक्रेटरी के खिलाफ नामजद तहरीर पड़ी है, जांच चल रही है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।