बांसगांव।
माल्हनपार खुर्द गांव में सोमवार दोपहर जमीन पर कब्जा करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मनबढ़ों ने युवक की झोपड़ी में आग लगा दी और फरार हो गए। शिकायत के लिए पीड़ित जब थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें ही फटकार लगाते हुए दो साथियों के साथ थाने में बैठा लिया। जांच के बाद पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है।
बांसगांव के माल्हनपार खुर्द निवासी राजन प्रसाद का जमीन को लेकर गांव के एक व्यक्ति से विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। सोमवार दोपहर आधा दर्जन की संख्या में लोग राजन के घर पहुंच गए और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि मनबढ़ों ने राजन की झोपड़ी में आग लगाकर लाठी, डंडा तथा असलहा लहराते हुए फरार हो गए। मौके पर पहुंचकर गांव के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, मगर अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। शाम को राजन दो साथियों के साथ शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो केस दर्ज करने के बजाय पुलिस ने उन्हें ही थाने में बैठा लिया। एसओ का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। गांव में दो तरह की बात सामने आ रही हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।