गोरखपुर।
सिंघड़िया के गोरक्षनगर मोहल्ले में बाइक सवार बदमाशों ने घर के पास से महिला की चेन लूट ली और भाग निकले। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने छानबीन की और सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज के आधार पर एक युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिया गया युवक बीटेक पास है। वह शौक पूरा करने के लिए चोरी कर रहा था।
गोरक्षनगर मोहल्ला निवासी मीरा सोमवार सुबह छह बजे दूध लेकर लौट रही थीं। उनके पति बीएन चौबे विदेश में रहते हैं। मीरा जैसे ही घर के सामने पहुंचीं, दो बदमाशों ने हमला बोल दिया और चेन लूटकर फरार हो गए। सूचना पाकर एसएसपी दलबल के साथ पहुंचे और पास में लगा सीसीटीवी कैमरा खंगाला। मीरा से भी पूछताछ की गई। मीरा के बताए हुलिए और जानकारी के आधार पर पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को संदेह के घेरे में पाया, फिर छापेमारी कर सिंघड़िया निवासी एक युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ से पता चला कि उसने शहर के एक इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक किया है। बेरोजगार होने पर वह चोरी करने लगा। हालांकि पुलिस ने घटना का खुलासा नहीं किया है। उसके मुताबिक आरोपी से अभी पूछताछ की जा रही है।
पिकप चालक ने यात्री को लूटा
बेलीपार के बाघागाड़ा इलाके में पिकप चालक ने यात्री को लूट लिया। कटया गांव निवासी आशीष पांडेय रविवार देर रात कौड़ीराम चौराहे से पिकप से गोरखपुर आ रहे थे। बाघागाड़ा के पास चालक ने आशीष को गाड़ी से उतार दिया और पिटाई कर 46 सौ रुपये नगद, मोबाइल लूटकर फरार हो गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। एसओ ने बताया कि केस दर्जकर जांच की जाएगी।