गोरखपुर। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर प्रथमेश कुमार ने खाद्य एवं रसद विभाग के 78.60 लाख के बकाएदार राइस मिल कृष्णा एग्रो गुलरिहा के प्रोपराइटर रामचंद्र को हिरासत में लेकर गुलरिहा पुलिस को सुपुर्द कर दिया। इसी तरह डाक विभाग में 68.56 लाख के गबन की आरोपी माधुरी पाठक का घर कुर्क किया गया। बुधवार को तहसील की टीम ने खोराबार के भरवलिया स्थित उनके घर की दीवार पर कुर्की संबंधी नोटिस भी चस्पा कर दिया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने माधुरी के घर की कीमत आंकने के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा है। आंकलन के तत्काल बाद तहसील प्रशासन घर की नीलामी करेगा। जो धनराशि मिलेगी, उसे डाक विभाग को दिया जाएगा। कार्रवाई करने वाली टीम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के अलावा अमीन योगेंद्र कुमार चौबे वशिष्ट सिंह, अजय ओझा, अनरुद्दीन शामिल थे।
जिले के दूसरे तहसीलों पर भी सख्ती
बड़े बकायेदारों से वसूली को लेकर डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने जिले की दूसरी तहसीलों पर भी सख्ती शुरू की है। उन्होंने चेताया है कि वसूली की खराब प्रगति वाले तहसीलों के अफसरों, अमीनों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनपर भी कार्रवाई की जाएगी।
डाक विभाग में गबन की आरोपी माधुरी के घर की कीमत का आंकलन कराया जा रहा है। इसके बाद नीलामी की प्रक्रिया शुरू होगी। शहर के 50 लाख से अधिक के बकायेदारों की सूची तैयार कराई जा रही हैै। अभियान चलाकर इन सभी से वसूली की जाएगी। बकाया न चुकाने वालों की संपत्ति कुर्क होगी।
- प्रथमेश कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर