सहजनवां (गोरखपुर)। भाई के साथ बाइक से जा रही दसवीं की छात्रा के साथ शोहदों ने छेड़खानी की। छात्रा के भाई ने विरोध किया तो शोहदों ने उसकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो शोहदे फरार हो गए। पुलिस ने छात्रा की मां की तहरीर पर एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना बुधवार की रात आठ बजे के करीब हुई। इलाके की रहने वाली छात्रा भाई के साथ बाजार गई थी। वापस लौटने के दौरान ही गांव के पास कुछ युवकों ने बाइक रोकी और जबरन उसे नीचे उतारकर छेड़खानी करने लगे। शोहदों की हरकत से हतप्रभ भाई ने विरोध किया तो उसकी भी पिटाई शुरू कर दी। भाई और बहन की शोर सुनकर आसपास के लोग आए तो शोहदे भाग गए। घर लौटे भाई बहन ने मां को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर अजय सिंह ने बताया कि गांव के ही मंजीत सिंह पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।