भटहट।
टीचर की प्रताड़ना से आहत होकर पांचवीं के छात्र नवनीत प्रकाश की खुदकुशी का मामला अभी शांत नहीं हुआ कि पिपराइच में एक छात्रा को बुरी तरह से पीटे जाने का मामला सामने आया है। प्राइवेट स्कूल के टीचर की पिटाई से कक्षा एक की छात्रा के हाथ की हड्डी टूट गई है। आरोप है कि होमवर्क न पूरा करने पर टीचर ने बेरहमी से पीटा है। छात्रा कनकलता की मां ने पिपराइच थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
पिपराइच क्षेत्र के चकिया गांव निवासी प्रमोद सिंह की पुत्री कनकलता (8) चकिया से भटहट रोड पर स्थित गौरव एकेडमी में कक्षा एक की छात्रा है। छात्रा की माता रंजना सिंह ने आरोप लगाया कि होमवर्क पूरा न करने के कारण अध्यापक राकेश प्रजापति ने जमकर पिटाई कर दी। इससे बेटी के बाएं हाथ की हड्डी टूट गई। विद्यालय के प्रबंधक विनोद कनौजिया का कहना है कि जब हम विद्यालय पर नहीं थे तो अध्यापक राकेश प्रजापति ने थोड़ी सी पिटाई की है। जानकारी होते ही बच्ची का प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया गया है। हल्की चोट है, डॉक्टर ने बताया है कि दो दिन में सही हो जाएगा। छात्रा के पिता प्रमोद सिंह का कहना है कि पिपराइच ब्लॉक के डॉक्टर ने एक्सरे किया है, जिसमें हड्डी में हेयर लाइन फ्रैक्चर की बात बताई है।