गोरखपुर।
जीआरपी ने ट्रेनों में मेलजोल बढ़ाकर चोरी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के 20 मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। जीआरपी इनके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। वहीं पकड़े गए चोरों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई करने की तैयारी हो रही है।
एसपी जीआरपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि ये लोग चलती ट्रेन में सहयात्री बनकर यात्रियों से मेलजोल बढ़ाते थे और यात्री को पूरी तरह से विश्वास में लेने के बाद धोखे से उनका समान चुरा लेते थे। इसके अतिरिक्त प्लेटफॉर्म पर आराम करने वाले व ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को भी यह निशाना बनाते थे। पकड़े गए चोर की पहचान देवरिया के बरहज बाजार निवासी गोपाल जायसवाल और पुरानी बरहज निवासी इशरार अंसारी के रूप में हुई है। यह पहले भी चोरी की घटनाओं में पकड़े जा चुके हैं। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे श्रीप्रकाश राय, थाना प्रभारी आनंद कुमार सिंह व उनकी टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।