गोरखपुर।
एक केस की रिपोर्ट भेजने में देरी पर कैंट इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी को लाइनहाजिर कर दिया गया। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने शुक्रवार देर रात ओम हरि लाइनहाजिर करते हुए एसएसआई ब्रजेश कैंट थाने का प्रभारी बना दिया। चर्चा है कि डीजीपी के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है।
एसएसपी का पदभार संभालने के बाद से ही सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज लापरवाही और शिकायतों की जांच कर कार्रवाई कर रहे हैं। इसके पहले गोला इंस्पेक्टर अंजनी कुमार श्रीवास्तव, फिर नौसड़ चौकी इंचार्ज को हटाया गया था। अभी दो दिन पहले ही वसूलीबाज डायल 100 के छह पुलिस वालों को एसएसपी ने लाइनहाजिर कर दिया था। रात में समीक्षा के दौरान ही ओम हरि वाजपेयी की लापरवाही सामने आई। एसएसपी ने बताया कि लापरवाही की कई शिकायतें थीं, जिससे उन्हें लाइनहाजिर किया गया है।