देवरिया/ गोरखपुर। बरौनी से नई दिल्ली जा रही वैशाली सुपरफास्ट ट्रेन गुरुवार को फर्स्ट और सेकेंड एसी बोगी के बीच की कपलिंग टूट गई और ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। उस समय ट्रेन धीमी गति से चल रही थी। देवरिया सदर स्टेशन के पास कपलिंग टूटने की सूचना पाते ही रेलकर्मियों ने उसको जोड़कर ट्रेन को आगे रवाना कर दिया। लेकिन ट्रेन जैसे ही बैतालपुर रेलवे स्टेशन पर पहुुंची तो एक बोगी की कपलिंग फिर टूट गई और ब्रेक जाम हो गया। जिससे पहियों से धुआं निकलने लगा। करीब सात किमी के अंदर ही दो बार ट्रेन में खराबी आने से अफसरों में खलबली मच गई। साढ़े तीन घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची ट्रेन की खराब वातानुकूलित दो बोगियों को यहां बदला गया। रात 9.30 बजे के आसपास ट्रेन नई दिल्ली रवाना की गयी। रेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
घटना गुरुवार की शाम करीब 4.40 बजे की है जब वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (अप) सदर रेलवे स्टेशन से गोरखपुर के लिए रवाना हुई। पहले कपलिंग टूटने और फिर बैतालपुर रेलवे स्टेशन पर उसी बोगी का ब्रेक जाम हुआ और कपलिंग में खराबी आ गई। ट्रेन में चल रहे मैकेनिकल स्टॉफ ने मशक्कत के बाद खराबी ठीक की। ट्रेन करीब 55 मिनट तक रुकी रही। इस बाबत देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक परशुराम त्रिपाठी का कहना है कि क्लिप टूटने से सदर रेलवे स्टेशन पर वैशाली दो भाग में हो गई थी। यहां से ठीक कराकर भेजा गया तो बैतालपुर में भी खराबी आ गई थी।
डैमेज कोच को बदल कर ट्रेन रवाना कर दी गई। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। शुक्त्रस्वार को जांच करने तीन सदस्यों की टीम जाएगी। संजय यादव, सीपीआरओ एनईआर