गोरखपुर। अवैध खनन के खिलाफ डीएम की सख्ती के बाद सदर तहसील प्रशासन ने शुक्रवार की देर शाम बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम सदर के नेतृत्व में राजस्व टीम ने लहसड़ी गांव में छापामारी कर अवैध खनन करके मिट्टी ले जा रहे चार डंपरों के साथ ही एक जेसीबी भी पकड़ी। सभी वाहनों को टीम ने खोराबार थाने के सुपुर्द कर दिया। मौके से डंपर और जेसीबी के चालकों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सभी से पूछताछ चल रही है।
पट्टे की आड़ में आस-पास की जमीन के साथ ही कुछ पट्टेधारक और खनन माफिया बंधों की भी मिट्टी खोद ले जा रहे हैं। इसकी शिकायत डीएम को भी मिली थी। उन्होंने शुक्रवार की दोपहर सभी एसडीएम और खनन विभाग के अधिकारियों की बैठक में इस पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद हरकत में आई सदर तहसील की टीम ने देर शाम लहसड़ी में छापा मारकर कार्रवाई की।
खोराबार प्रतिनिधि के मुताबिक डंपर चालक खनन से संबंधित कागजात नहीं दिखा सका। मौके पर पूछताछ में जेसीबी चालक ने बताया कि गाड़ी का मालिक पादरी बाजार का रहने वाला है। इसी तरफ डंपर चालकों ने बताया कि मिट्टी तारामंडल क्षेत्र स्थित एक प्लाट पर गिराए जाने के लिए ले जाई जा रही थी। इस संबंध में एसडीएम सदर गजेंद्र का कहना है कि जेसीबी समेत सभी गाड़ियों को सीज करने के साथ ही संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।