हरपुर-बुदहट के पकड़ी गांव के पास वसूली कर लौट रहे सेल्समैन को तमंचा सटाकर बाइक सवार बदमाशों ने 43 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों के फरार होने पर सेल्समैन सुरेंद्र ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सीओ खजनी चारु निगम ने छानबीन की। बदमाश हेलमेट पहने थे, इसकी वजह से उनका हुलिया सुरेंद्र नहीं बता सके।
सहजनवां थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दस निवासी पवन कुमार की दिव्यांश एजेंसी है। यहां से वह पारले और पतंजलि का बिस्कुट व अन्य समान की सप्लाई का काम करते हैं। सहिजना के सुरेंद्र एजेंसी में सेल्समैन हैं। मंगलवार को वह क्षेत्र में सामान की डिलिवरी देने और रुपयों की वसूली करने के लिए चालक के साथ पिकअप से गए थे।
शाम चार बजे के करीब वह पकड़ी गांव स्थित एक प्राइवेट स्कूल के पास पहुंचे थे कि पीछे से आए दो बाइक सवारों ने ओवरटेक कर गाड़ी रुकवा ली। अभी चालक और सुरेंद्र कुछ समझ पाते तब तक एक बदमाश ने तमंचा सटाकर बैग में रखा रुपया लिया। घटना की सूचना पर पहुंची एजेंसी संचालक ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश कर रही।