बेलघाट (गोरखपुर)। रामपुर गांव के दिग्विजय सिंह की हत्या में नामजद तीन आरोपियों को पुलिस ने कुरी बाजार से गिरफ्तार किया है। पूछताछ कर पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है। आरोपी इलाका छोड़कर भागने की फिराक में थे।
31 अक्टूबर की सुबह रामपुर गांव के दिग्विजय सिंह और रमाकांत यादव के बच्चों के बीच विवाद हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने झगड़ा भी खत्म करा दिया था। इसके बावजूद रामकांत पक्ष के लोग बदला लेने की फिराक में थे। दोपहर तीन बजे दिग्विजय सिंह खेत की ओर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रमाकांत यादव, उनके बेटे सोनू यादव, विनय यादव और सुरेंद्र यादव ने लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी।
दिग्विजय की पत्नी रुना देवी की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। गुरुवार को एसओ बेलघाट उपेंद्र श्रीवास्तव ने आरोपियों की सूचना पर कुरीबाजार में घेराबंदी की। पुलिस ने सोनू यादव, विनय और सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी इलाका छोड़कर भागने की फिराक में थे। पुलिस ने हत्या में प्रयोग लाठी डंडा बरामद किया है। इंस्पेक्टर ने कहा कि हत्या में शामिल तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।