अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
देवरिया के एक व्यापारी का नाबालिग पुत्र गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ा गया। वह तीन दिन से मोहल्ले की लड़की को लेकर लापता था। देवरिया पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार को पैडलेगंज के पास सड़क हादसे के बाद राहगीरों ने जब उसे पकड़ा तो पुलिस के सामने सारा सच सामने आ गया। कैंट पुलिस ने देवरिया पुलिस को सूचना दे दी है। दोनों ही नाबालिग हैं।
देवरिया, सलेमपुर के एक बड़े व्यापारी का बेटा हाईस्कूल का छात्र है। घर के पास ही रहने वाली इंटर की छात्रा से उसकी दोस्ती है। तीन दिन पहले वह छात्रा को निजी कार से लेकर गोरखपुर चला आया। वह उसे लेकर यहां-वहां घूम रहा था। बृहस्पतिवार को नौका विहार के पास घूमने जाते वक्त उसकी कार से एक बाइक को टक्कर लग गई। बाइक सवार ने गाड़ी रोक दी और आसपास के लोग भी वहां एकत्र हो गए। लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस दोनों को चौकी पर ले गई। पूछताछ के बाद जब दोनों के घर पुलिस ने फोन किया तो पूरा मामला सामने आ गया। चूंकि लड़का घर से अक्सर घूमने निकल जाता था जिस वजह से उसके घर वाले तलाश ही नहीं कर रहे थे वहीं लड़की के घरवालों ने लड़के पर उसे भगाने का आरोप लगाते हुए थाने को सूचना दी थी।