ज्वैलर्स की दुकान और खाली मकान में चोरी
चौरीचौरा और गगहा थाना क्षेत्रों में हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
जगदीशपुर/ गगहा। चौरीचौरा के सोनबरसा बाजार में ज्वैलर्स की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने गहने व अन्य सामान की चोरी कर ली। वीरे गगहा के सिहाईजपुर गांव में एक खाली मकान से नकदी और जेवरात उड़ा लिए गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच की।
चौरीचौरा के रामूडीहा निवासी ओमप्रकाश वर्मा की सोनबरसा में गहनों की दुकान है। वह शुक्रवार की शाम आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए। शनिवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। ओमप्रकाश के अनुसार 250 ग्राम चांदी, तीन ग्राम सोना समेत लगभग चालीस हजार के अन्य समान चोर उठा ले गए थे।
दूसरी ओर गगहा के सिहाईजपार में नसीमुल्लाह के खाली पड़े मकान में चोरी हो गई। शनिवार की सुबह खेत में सिंचाई करने पहुंचे उनके बड़े भाई असीमुल्लाह को चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस और छोटे भाई को सूचना दी। नसीमुल्लाह के अनुसार तीस हजार रुपये, लैपटाप और जेवरात समेत डेढ़ लाख की चोरी हुई है। उन्होंने तहरीर दे दी है।