पादरीबाजार (गोरखपुर)। शाहपुर के जेल रोड तिराहे पर स्थित श्री विनायक नर्सिंग होम में रामनाथ गुप्ता (65) की मौत पर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। परिवार के लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जानकारी पुलिस को दी। एसपी सिटी विनय कुमार सिंह, सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह के साथ शाहपुर और गुलरिहा की पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने रामनाथ के इलाज से संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए।
शाहपुर के खरैया पोखरा असुरन चुंगी निवासी रामनाथ गुप्ता नियमित जांच के लिए एक सप्ताह पहले अस्पताल गए थे। चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें पित्त की थैली में पथरी है ऑपरेशन करना होगा।सोमवार को सुबह 11 बजे रामनाथ को अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के मुताबिक ऑपरेशन से पहले ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, सांस व अन्य जरूरी जांच कराई थी। सभी रिपोर्ट सामान्य थी। मंगलवार की सुबह 9:30 बजे रामनाथ को ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया। सब ठीक था लेकिन दोपहर 1:30 बजे अस्पताल संचालक डॉ. सिद्धार्थ अग्रवाल ने रामनाथ को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही तमाम सगे-संबंधी आ गए। सबने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। रामनाथ के बड़े बेटे कमलेश चंद्र गुप्ता ने तहरीर भी दी है। पुलिस ने रामनाथ का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मरीज की उम्र लगभग 65 वर्ष थी। वह पहले से ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, सांस के मरीज थे। ऑपरेशन के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया था। कुछ देर बाद स्टॉफ ने हालत बिगड़ने की सूचना दी। रामनाथ की धड़कन सही नहीं चल रही थी। बेहतर इलाज किया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। लापरवाही से मौत के आरोप निराधार हैं।
- डॉ. सिद्धार्थ अग्रवाल, संचालक, श्री विनायक नर्सिंग होम
मरीज के उपचार से संबंधित कागजात जब्त किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- विनय कुमार सिंह, एसपी सिटी