बवाल के दौरान काफी संख्या में पुलिस मौजूद थी।
- फोटो : Amar Ujala/File Photo
मानबेला में आंदोलनरत किसानों की ओर से पुलिस पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने 35 नामजद सहित 150 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं 12 गंभीर धाराओं में दर्ज केस में पांच का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। दूसरी ओर अभियान के चौथे दिन रविवार को जीडीए ने 11 और लोगों को कब्जा दिलाया। इनमें पांच आवंटी ईडब्ल्यूएस के हैं।
चिलुआताल थाना क्षेत्र के मानबेला में शनिवार को फिर बवाल हो गया था। इसके चलते दोपहर बाद मानबेला पुलिस छावनी में तब्दील हो गया था। जीडीए के मुख्य अभियंता संजय कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 185 लोगों के खिलाफ आईपीसी की गंभीर धाराओं के अलावा सेवन सीएलए एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। साथ ही जनार्दन यादव, नईम, हबुलिया, सजीरुन, मीना को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। शेष नामजद व अन्य की धर-पकड़ के लिए चिलुआताल पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है।
चिलुआताल प्रतिनिधि के अनुसार, जीडीए के मुख्य अभियंता संजय कुमार सिंह की तहरीर पर आरोपियों पर बलवा, लोक सेवक से दुर्व्यवहार, लोक सेवक के काम में बाधा डालने, बंधक बनाने, लोक सेवक पर आपराधिक बल प्रयोग करने, दूसरे का जीवन खतरे में डालने, पथराव करने, धमकी देने और गाली-गलौज करने तथा लोक व्यवस्था भंग करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
वहीं शांतिपूर्ण माहौल में कब्जा दिलाने का अभियान रविवार को चला। इसके तहत जीडीए ने 11 लोगों को कब्जा दिलवाया। अब कोर्ट में 13 फरवरी को सुनवाई होने के बाद आगे फिर अभियान चलाकर बचे हुए आवंटियों को कब्जा दिलाया जाएगा। चार दिन के अभियान में 287 आवंटियों को कब्जा दिलाया गया। इससे पूर्व चले अभियान में 102 आवंटियों को कब्जा दिया गया था। अंतिम दिन कुछ आवंटियों ने अपनी चहारदीवारी का निर्माण भी शुरू कराया। इस दौरान शांति कायम रखने के लिए मौके पर पीएसी की तैनाती की गई है।