गोरखपुर।
तारामंडल रोड स्थित हुक्का बार और कॉफी सेंटर पर पुलिस ने सोमवार को छापा मारा। यहां पर आए दिन मारपीट और लाइसेंस न होने की शिकायत पर पहुंची पुलिस बार से जुड़े एक शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं हुक्का में प्रयुक्त होने वाले पदार्थ व कॉफी की क्वालिटी जांच के लिए खाद्य विभाग की टीम को बुलाया गया है। देर रात तक कैंट थाने में जांच पड़ताल जारी रही।
पुलिस को हुक्का बार के बाहर आए दिन मारपीट होने और अन्य कई गंभीर मामलों की सूचना मिली थी। सोमवार को एसपी सिटी विनय सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मौके से हुक्का बार का लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद हुक्का में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ एक शख्स को हिरासत में लेकर पुलिस थाने लेकर चली आई। फूड इंस्पेक्टर को बुलाकर पुलिस हुक्का में इस्तेमाल किए जाने वाले पदार्थ की जांच करा रही है। एसपी सिटी विनय सिंह ने बताया कि वहां पर मारपीट होने की सूचनाएं आए दिन आ रही थीं, कुछ अन्य सूचनाएं भी थी जिसके आधार पर पुलिस जांच के लिए गई थी। फूड इंस्पेक्टर को बुलाकर जांच पड़ताल कराई जा रही है।