क्लास में घुसकर शिक्षक को पीटा, तीन छात्रों पर केस
बांसगांव (गोरखपुर)। इलाके के बहुरीपार स्थित उमा प्रसाद सिंह दामोदर दास इंटर कॉलेज में शिक्षक मनोज कुमार को पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन छात्र घुसकर मारपीट करने लगे और अन्य छात्रों के एकत्र होने पर जाति सूचक गालियां देते हुए भाग गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 12वीं के तीन छात्रों के खिलाफ मारपीट, एससीएसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
घटना सात सितंबर की है। थाने में दर्ज केस के मुताबिक शिक्षक मनोज कुमार कक्षा 9 में छात्रों को पढ़ा रहे थे। इसी बीच करीब 9:30 बजे कक्षा 12 के तीन छात्र कक्षा में घुस आए और सभी जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते शिक्षक मनोज कुमार को पीटने लगे। इस दौरान शोर सुनकर जब कालेज के अन्य शिक्षक और छात्र जुटे तो हमलावर जान से मार डालने की धमकी देते भाग खड़े हुए। इसकी जानकारी शिक्षक ने प्रिंसिपल को दी और फिर थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने बुधवार को इस मामले में शिक्षक की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थाने में दर्ज इस केस को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत विवाद बता रहे हैं।