क्लास में गेंद खेलने से मना करने पर टीचर को पीटा
खोराबार। इलाके के संत टरेसा स्कूल के टीचर को छात्रों से क्लास में पढ़ाई के समय गेंद खेलने से मना करना महंगा पड़ गया। नाराज छात्र और उसके परिजनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर टीचर की पिटाई कर दी। घायल टीचर को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया। टीचर ने पुलिस को तहरीर दी है।
खोराबार के सिक्टौर निवासी शिवेंद्र सूबाबाजार स्थित संत टरेसा इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। शनिवार को वह दूसरी घंटी में आठवीं के छात्रों को पढ़ा रहे थे। क्लास में रानीडीहा निवासी एक छात्र गेंद खेल रहा था। टीचर ने उसे गेंद खेलने से मना किया तो उसे नागवार गुजरा। छुट्टी होने के बाद जब टीचर घर जा रहे थे तो रास्ते में रानीडीहा चौराहे के पास से छात्र और उसके परिजनों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल टीचर को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया।