मोबाइल फोन छीनने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
गोरखपुर। गोरखनाथ और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम ने मोबाइल फोन छिनने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को स्प्रिंगर तिराहे से गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी के पांच मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई। पुलिस ने अनुसार पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिग हैं और एक मोबाइल फोन की दुकान चलाने वाला व्यापारी है।
पुलिस लाइंस में एसपी सिटी डॉ कौस्तुभ, एसपी क्राइम अशोक कुमार वर्मा और सीओ क्राइम प्रवीण सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात स्प्रिंगर तिराहे के पास दो बाइक से पांच लोग आते दिखे। रोकने पर भागने लगे तो पुलिस ने दौड़ा कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान सहजनवां के पिपरावार निवासी नीलरतन तिवारी, तिवारीपुर के सूर्यबिहार निवासी त्रिभुवन सिंह, हुमायूपुर निवासी अजय गुप्ता के रूप में हुई। पकड़े गए नाबालिग कैंपियरगंज व तिवारीपुर के रहने वाले हैं। एसपी सिटी ने बताया कि अजय गोरखनाथ में मोबाइल फोन की दुकान चलाता है। वही चोरी और छीने गए गए मोबाइल फोन का लाक खोलता था, उसे बेचने से मिली रकम आरोपी बांट लेते थे। इन लोगों ने दो मोबाइल फोन कैंट इलाके से छीना था। सभी पहले भी एक बार जेल जा चुके हैं।