दवा व्यापारी से रंगदारी मांगने वाले चार युवक हिरासत में
गोरखपुर। देवरिया के दवा व्यापारी प्लस कुमार राय से फोन पर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी चार युवकों को क्राइम ब्रांच टीम ने प्रयागराज से हिरासत में ले लिया। उनके पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। हालांकि सिम कार्ड बरामद नहीं हो सका है। अभी आरोपियों के दो साथी फरार है जिनके पकड़े जाने के बाद ही सिम कार्ड बरामद होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान विपिन श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव, इजराइल उर्फ कबाड़ी और अरुण कुमार के रूप में हुई है। ये प्रयागराज या कही और के रहने वाले है, गोरखपुर से इनका क्या कनेक्शन है इसकी जांच जारी है। तारामंडल के वैशाली विहार निवासी प्लस कुमार राय का देवरिया के गौरीबाजार में मेडिकल स्टोर है। 25 जून को प्लस कुमार बेतियाहाता स्थित एक पैथोलॉजी पर आए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। दूसरी तरफ से बात करने वाले ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये ना देने पर बेटे की हत्या करने की धमकी दी। प्लस कुमार ने किसी की शरारत समझकर ध्यान नहीं दिया। 28 जून को दोबारा फोन आने पर घरवालों और रिश्तेदारों का घटना की जानकारी दी। एक जुलाई को फिर फोन आने पर प्लस कुमार ने कैंट थान मेें केस दर्ज कराया था। क्राइम ब्रांच की टीम सर्विलांस की मदद से जांच कर रही थी। इसी बीच सटीक सूचना मिली कि चारों आरोपी प्रयागराज में मौजूद है।
अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग की भी आशंका
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों द्वारा अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग करने का भी मामला सामने आया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि मामला प्रयागराज का है।
कुछ और से भी मांगी थी रंगदारी
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों ने गोरखपुर के अलावा आसपास के जिलों के कुछ और लोगों से भी रंगदारी मांगी थी। इसकी भी जांच की जा रही है।
कोट
दवा व्यापारी से रंगदारी मांगे जाने के मामले में कुछ लोगों को प्रयागराज से हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने पूछताछ कर मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। जल्द ही पूरे घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। अश्लील वीडियो बनाए जाने की गोरखपुर में कोई शिकायत नहीं है। जांच में पता चला है कि आरोपी ऐसे किसी मामले में भी शामिल रहे हैं।
- डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, एसएसपी