चौरीचौरा इलाके के सोनबरसा कस्बे में रविवार की दोपहर बाइक सवार युवक ने दंपती को झांसा देकर सोने की चेन ले ली और फरार हो गया। दंपती की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। दंपती ने चेन की कीमत चालीस हजार रुपये बताई है।
इलाके के महुआ बुर्जुग निवासी रामराज गुप्ता अपनी पत्नी कलावती का आंख का इलाज कराने रविवार को सोनबरसा बाजार स्थित क्लीनिक पर जा रहे थे। पीछे से आए बाइक सवार एक युवक ने उनसे कहा कि आपके बेटे ने सोने की चेन बनवाने का आर्डर दिया है। आप उनका नंबर दे दीजिए। नंबर लेने के बाद युवक ने रामराज को अपनी दुकान से चेन लेने की बात कह बाइक पर बैठा लिया। कुछ दूर आगे दुकान की चाबी छूटने की बात कहकर उसने उन्हें वहीं उतार दिया।
जालसाज युवक फिर कलावती के पास पहुंचा और कहा कि आपके पति ने चेन मांगी है। इसके बाद कलावती ने चेन युवक को दे दी। उधर, युवक का काफी इंतजार करने के बाद जब रामराज पत्नी के पास पहुंचे तो उन्हें जालसाजी की जानकारी हुई।