रेलवे की तर्ज पर अब परिवहन निगम भी यात्रियों की शिकायतों पर संजीदगी बरत रहा है और सुविधाओं को लेकर हर संभव प्रयास कर रहा है। हाल ही में शुरू की गई 149 सेवा पर मिली एक शिकायत पर निगम ने परिचालक पर मौके पर ही कार्रवाई करते हुए इसकी बानगी पेश की है। साथ ही क्षेत्रीय प्रबंधक ने इस हेल्पलाइन का स्टीकर हर बस में लगाने का निर्देश दिया है।
मंगलवार को एक यात्री ने 149 पर शिकायत की कि देवरिया से लखनऊ जाने के लिए परिचालक ने उससे 280 रुपये ले लिए और टिकट 218 का थमा दिया। जब उसने कई बार परिचालक से इस पर आपत्ति जताई तो उसे कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उसने 149 नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई। मुख्यालय की तरफ तत्काल एक्शन लेते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक सुग्रीव कुमार राय के व्हाट्सएप पर इसकी जानकारी दी गई। क्षेत्रीय प्रबंधक ने देवरिया डिपो के एआरएम को मामले की जांच का आदेश दिया। जांच के बाद चलती बस में ही परिचालक को अग्रिम आदेश तक ड्यूटी से हटा दिया गया है।
यहां दर्ज कराएं शिकायत
यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज की ओर से 149 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इसके साथ ही आरएम ने भी अपना व्हाट्सएप नंबर 9415049688 सार्वजनिक कर दिया है। रोडवेज बस में सफर के दौरान अगर यात्री को किसी तरह की कोई कमी दिखती है तो वह हेल्पलाइन नंबर 149 के साथ ही आरएम के व्हाट्सएप पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
यात्री सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर और व्हाट्सएप नंबर जारी कर दिया गया है। इस पर यात्री अपनी शिकायत और सुझाव दोनों दर्ज करा सकते हैं। यात्रियों की शिकायत को गंभीरता से लेकर तत्काल उस पर कार्रवाई की जाएगी।
- सुग्रीव कुमार राय, क्षेत्रीय प्रबंधक