सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुभाषचंद्र बोस नगर सूर्यकुुंड के शिक्षक हरि प्रसाद सिंह को सीबीएसई एवार्ड फॉर टीचर 2015 से तीन सितंबर को सम्मानित किया जाएगा। दिल्ली के केदारनाथ साहनी ऑडीटोरियम में मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावडे़कर उन्हें सम्मानित करेंगे। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के दिन हरि प्रसाद राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के साथ लंच भी करेंगे।
सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) के चेयरमैन आर के चतुर्वेदी की ओर आमंत्रण पत्र उन्हें सोमवार को मिला। इसके पहले भी हरि प्रसाद सिंह को कई बार सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2000 में मारीशस में विश्व भोजपुरी सम्मेलन में उन्हें सम्मानित किया गया था। वर्ष 2004 में भोजपुरी विभूति सम्मान, 2006 में संगीत नाटक एकेडमी एवार्ड और लोक कला के क्षेत्र में उन्हें सरजू रत्न सहित कई और एवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान समय में हरि सिंह सांस्कृतिक मंत्रालय में अनुदान योजना में विशेषज्ञ के रुप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सामान्य कला शिक्षण से अलग हटकर कबाड़ से देशी गाय के गोबर से कलाकृतियों का निर्माण किया।
सीबीएसई एवार्ड फॉर टीचर चुने जाने पर सदर सांसद महंत आदित्यनाथ, संस्कार भारती के अध्यक्ष प्रो. वासुदेव कामत, पद्मश्री शेखर सेन, राज्यसभा सदस्य शिव प्रताप शुक्ल, सांसद शरद त्रिपाठी सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने बधाई दी है।