जिला अस्पताल की लैब में यदि जांच करानी है तो 11 बजे से पहले आना होगा। लैब में 11 बजे तक ही सैंपल लेने का समय है और इसके बाद आए मरीजों को लौटा दिया जा रहा है। बुधवार को भी ऐसे कई मरीज जिन्हें लौटा दिया, वह एसआईसी के पास शिकायत लेकर पहुंचे। हालांकि एसआईसी के कहने पर उनकी जांच हो गई। मगर लैब के समय को लेकर जानकारी भी दे दी गई।
सुबह आठ बजे से ग्यारह बजे तक लैब में ब्लड सैंपल एकत्र करने का समय निर्धारित है। इस जानकारी के अभाव में कई मरीजों को लौटना पड़ रहा है। गोरखनाथ से बेटे शहदाब को लेकर आईं महिला की शिकायत की थी कि वह दो दिन से लौट रही हैं, जबकि बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे ही लाइन में लग गई थीं। लाइन लंबी होने की वजह से उसका नंबर आते-आते 11 बज गए। खजनी से आए श्यामलाल की भी यही शिकायत थी। एसआईसी से शिकायत के बाद उनकी जांच कराई गई।
सैंपल लेने का समय 11 बजे तक ही है। मगर लाइन में लगे मरीजों को लौटाना नहीं चाहिए। उनकी भी जांच होनी चाहिए। इसे लेकर कई बार हिदायत दी जा चुकी है।
- डॉ. एचआर यादव, एसआईसी