शहर के साथ ही अब जल्द ही गांवों में भी कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) मिलने लगेगी। गोरखपुर मेें डोर टू डोर पाइपलाइन से गैस पहुंचाने के साथ ही कंपनी ने टोरेंट गैस ने सहजनवां, कालेसर, चौरीचौरा और कौड़ीराम में भी सीएनजी स्टेशन खोलने के लिए आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल के साथ अनुबंध किया है।
नवंबर तक इन सभी स्थानों पर सीएनजी स्टेशन खोलने का काम पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही जिले में सीएनजी स्टेशनों की संख्या छह हो जाएगी। शहर के बरगदवां और नौसड़ में पहले ही सीएनजी स्टेशन खुल चुके हैं। उधर टोरेंट गैस ने बुधवार को शहर के सरोवर पोर्टिको में आयोजित सीएनजी के साथ-फायदे की बात कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें उनके सभी स्टेक होल्डर भी बुलाए गए थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टोरेंट गैस के कार्यकारी निदेशक डॉ नरेंद्र कुमार ने बताया कि बरगदवां और नौसड़ में सीएनजी स्टेशन खोलने के बाद अब कंपनी गुप्ता आटोमोबाइल्स सहजनवां (आईओसी), कालेसर निकट गीडा ओम आटोमोबाइल्स (बीपीसीएल), चौरीचौरा निकट जीडी गोयनका (आईओसी) और सुशीला पेट्रोल पंप कौड़ीराम (एचपीसीएल) पर नए सीएनजी स्टेशन नवंबर तक स्थापित कर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन सीएनजी स्टेशन के लिए पेट्रोल एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (पेस्को) की स्वीकृति भी मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। घरों तक पाइप लाइन से गैस सप्लाई का काम शुरू होने तक इन स्टेशनों के लिए सीएनजी की उपलब्धता वाराणसी से टैंकर के जरिए किया जाएगा।
सीएनजी किट लगाने के लिए दो को स्वीकृति
आटो एवं कार चालक अपनी गाड़ियों में 35 से 40 हजार रुपये खर्च कर सीएनजी किट लगवा सकते हैं। आरटीओ कार्यालय ने इसके लिए काली मंदिर पर न्यू वेलकम मारुति एवं रुस्मपुर में एक्सपर्ट सीएनजी सॉल्यूशन को स्वीकृति प्रदान की है। कार्यक्त्रस्म के मुख्य अतिथि एसपी ट्रेफि क आदित्य प्रकाश वर्मा रहे।
विशिष्ठ अतिथि के रूप में आरटीओ डीडी मिश्रा ने भी लोगों को सीएनजी किट लगवाने की अपील की। इसके अलावा टोरेंट के जीएम मार्केटिंग मयूर जोशी, जीएम तकनीक नरेश गोयल, एजीएम मार्केटिंग विकास गोयल, एजीएम प्रोजेक्ट अविनास सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर अजय बहादुर सिंह, रजनीश उपाध्याय और रविश रंजन, एसिस्टेंट मैनेजर अमित सचान और पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अगले साल 8 और सीएनजी स्टेशन, दो टोरेंट खोलेगा
टोरेंट के कार्यकारी निदेशक डॉ नरेंद्र कुमार ने बताया कि अप्रैल 2020 तक 8 और सीएनजी स्टेशन खुल जाएंगे। इनमें दो सीएनजी स्टेशन टोरेंट खुद खोलेगा। बाकी 6 के लिए पेट्रोलियम वितरक कंपनियों से करार किया गया है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल रोड, कौड़ीराम के लिए आईओसी, इंजीनियरिंग कालेज, गोपलापुर और नौसड़ के लिए एचपीसीएल के साथ करार हो चुका है। खानीपुर और तारामंडल एरिया में टोरेंट स्वयं सीएनजी स्टेशन खोलेगी।