गोरखनांथ मंदिर में मंहत अवेद्यनाथ का पूजा करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
जल्द शुरू होगा औद्योगिक गलियारे का निर्माण
गोरखपुर। पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ औद्योगिक गलियारा बसाने का काम जल्द शुरू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में हुई बैठक में इस कार्य की प्रगति जांची। गीडा के अफसरों ने बताया कि औद्योगिक गलियारे के लिए जिले के 222 गांव चिह्नित करने के साथ ही उसका प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। वहां से अनुमति मिलते ही नोटिफिकेशन किया जाएगा और उसके बाद जमीन अधिगृहीत करने का काम शुरू हो जाएगा। हालांकि अभी भी यह नहीं तय हो पाया कि औद्योगिक गलियारा बनाने का काम गीडा करेगा या फिर यूपीडा। गीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि अब जल्द ही शासन स्तर से इस पर निर्णय होने की उम्मीद है। इसी तरह डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे के बारे में जानकारी दी कि 100 हेक्टेअर से ज्यादा जमीन यूपीडा के नाम रजिस्ट्री कराई जा चुकी है। काश्तकारों के खातों में रुपया भी भेजा जा चुका है। मुख्यमंत्री ने तेजी से जमीन रजिस्ट्री कराने का निर्देश दिया ताकि लिंक एक्स्रपेस-वे का काम शुरू हो सके।
चंपा देवी पार्क के बहुरेंगे दिन
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष ए.दिनेश कुमार को चंपा देवी पार्क को विकसित कर उसे सुंदर बनाने का निर्देश दिया। इस पर उपाध्यक्ष ने बताया कि इसकी तैयारी शुरू हो गई है। उन्होंने ले-आउट के जरिए पार्क का स्वरूप भी मुख्यमंत्री को बताया। इस पर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा गया।
नवरात्र के पहले हट जाएंगे ठेले-खोंमचे
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि नवरात्र के पहले फेरी नीति के तहत सभी प्रमुख सड़कों पर ठेला-खोंमचा लगाने वालों को जगह चिह्नित कर उन्हें वहां बसा दिया जाए। उन्होंने चेताया कि इसके बाद अगर कहीं किसी सड़क पर ठेला-खोंमचा लगा मिला तो कार्रवाई की जाएगी। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि करीब 10 जगह पर इन्हें बसाने के लिए जमीन चिह्नित की गई है। अब तक नौ हजार ठेले-खोंमचे वाले चिह्नित किए जा चुके हैं।