योगी ने अपने संबोधन में अखिलेश को टोटी चोर भी कहा। उन्होंने कहा कि उनकी दो साल की सरकार के दौरान कहीं दंगा नहीं हुआ। उन्होंने मायावती पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सुरक्षा का इससे अधिक एहसास और क्या हो सकता है कि बहनजी को बबुआ के जिन गुंडों से सबसे अधिक खतरा होता था, आज मोदी की वजह से उनके मंच पर ही भाषण दे रही हैं और अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
उन्होंने कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जड़ बताते हुए कहा कि कांग्रेस को देश में निष्ठा नहीं है। उनकी निष्ठा तो अगस्ता हेलिकॉप्टर डील के दलाल रहे इटली के उनके मामा मिशेल और काका कात्रोची में है। कात्रोची तो भगवान को प्यारे हो गए, लेकिन मामा मिशेल को मोदी इटली से कान पकड़कर भारत लाए हैं और वे एक-एक राज उगल रहे हैं।
योगी ने अपने भाषण के दौरान प्रयागराज में कुंभ के दौरान प्रधानमंत्री के उस कार्य का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने सफाई कर्मचारियों के पैर धोकर एक संदेश देने का कार्य किया था कि लोकतंत्र में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता है। योगी ने कहा कि उस घटना को देखकर लोगों को द्वापर युग की याद आ गई।
अंत में उन्होंने 19 तारिख को मोदी के नाम पर राष्ट्र की सुरक्षा और सभी के सम्मान व विकास के नाम पर भाजपा को वोट देने की अपील की और उनसे हामी भरवाई। सीएम करीब एक घंटा हाटा में रहे।