जेई व एईएस से जूझते पूर्वांचल के बच्चों के लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में बनने वाले 500 बेड के बाल चिकित्सा संस्थान के निर्माण कार्य में एकाएक तेजी आ गई है। संस्थान के सितंबर में उद्घाटन की संभावित तिथि आने के बाद प्रिंसिपल ने कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को शासन की मंशा की जानकारी दे दी है।
300 करोड़ की लागत से बनने वाले बाल चिकित्सा संस्थान की घोषणा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2012 में की थी। आठ अक्टूबर 2012 को 100 बेड के इंसेफेेलाइटिस वार्ड के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने इसका शिलान्यास भी किया।
14 मंजिल प्रस्तावित इस भवन के निर्माण में लग रहे समय को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने फिलहाल सितंबर तक छह मंजिल पूरा करने का टारगेट रखा है। बताया जा रहा है कि शासन से आए पत्र में साफ कर दिया गया है कि सितंबर में मुख्यमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे, जिसे देखते हुए बचे समय में इसे पूरा करा लेना है। इसके बाद से ही कॉलेज प्रशासन हरकत में आ गया है।