गोरखपुर। डायसिस ऑफ लखनऊ से जुड़े शहर के शास्त्री चौक पर स्थित क्राइस्ट चर्च की 176वीं वर्षगांठ मसीही समाज ने मंगलवार को धूमधाम से मनाई। इस दौरान केक काटा गया और पवित्र बाइबिल का पाठ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत पादरी अजित लारेंस के बाइबिल पाठ से हुआ और उसके बाद पादरी संजय विंसेंट ने प्रार्थना कराई। मुख्य अतिथि डॉ. बलदेव ने कहा कि हमें ईश्वर को इसके लिए धन्यवाद देना चाहिए कि उसने इस चर्च को इतने वर्षों तक संभाल कर रखने की हमें ताकत दी।
उन्होंने उन सभी मसीही सेवकों को भी याद किया, जिन्होंने चर्च में रहकर लोगों की सेवा की। चर्च के पादरी डीआर लाल ने चर्च का गौरवशाली इतिहास बताया। उन्होंने बताया कि एक मार्च 1841 में विशप ऑफ कलकत्ता द्वारा स्थापना के बाद से ही यह चर्च लगातार मसीही समाज के लिए प्रार्थना का मुख्य केंद्र बना हुआ है।
संडे स्कूल के बच्चों ने ‘हमारे दिल के हालत को खुदा जाने या हम...’ सुनाकर माहौल को भक्तिमय कर दिया। इस दौरान शहर भर के चर्चों के पादरी के अलावा डेनियल सुमान, राजेश जोसेफ, सिबिचन, सपन लारेंस, डॉ. दीपक टूडी, अमर ज्वाय सिंह, राज मोहिनी, अलेक्जेंडर आदि मौजूद रहे।
चर्च परिसर के केयर टेकर बने डीआर लाल
गोरखपुर। वर्षगांठ समारोह में शिरकत करने आये विशप डॉ. पीटर बलदेव ने क्राइस्ट चर्च के पादरी डीआर लाल को चर्च का केयर टेकर घोषित किया है। उन्होंने बताया कि अन्य किसी भी व्यक्ति से क्राइस्ट चर्च परिसर व उसमें बनी दुकानों से कोई सरोकार नहीं होगा।