अरविंद को गोली मारने के आरोपी गार्ड को जेल भेजा
गोरखपुर। गैलेंट आवास की बाउंड्रीवाल के पास अरविंद चौहान को गोली मारने के आरोपी गार्ड संदीप कुमार सिंह को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पेशेवर अपराधी न होने के बावजूद पुलिस उसे पकड़ पाने में नाकाम रही और नाटकीय अंदाज में शुक्रवार को उसने गोरखनाथ थाने में आत्मसमर्पण कर दिया था। अपने बचाव में संदीप ने बोला कि जानबूझकर गोली नहीं मारी थी। हवाई फायरिंग की थी और गोली लग गई। पुलिस ने घटना वाले दिन ही बंदूक बरामद कर ली थी।
घटना 22 जुलाई की शाम हुई थी। क्रिकेट खेलने के दौरान गेंद बाउंड्री के अंदर जाने पर अरविंद एक दीवार पर खड़ा होकर किसी के दिखने का इंतजार कर रहा था कि वह गेंद मांग सके। इसी दौरान संदीप ने गोली दाग दी थी जो अरविंद की आंख में जा लगी। ऑपरेशन के बाद अरविंद की एक आंख निकाल दी गई। उसकी सेहत में सुधार की खबर पाते ही नाटकीय अंदाज में गार्ड संदीप को गोरखनाथ थाने में हाजिर कर दिया गया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेजा। उधर, घायल अरविंद अब भी आईसीयू में ही रखा गया है। हालांकि घरवालों के मुताबिक उसकी सेहत खतरे से बाहर है। सीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। बंदूक पहले ही बरामद कर ली गई थी।