चिलुआताल इलाके में बोरे में बरामद मूर्तियां।
खेत में छिपाई गई पांच कीमती मूर्तियां मिलीं
चिलुआताल (गोरखपुर)। चिलुआताल के बलुआ गांव के खेत से पुलिस बोरी में बांधकर छिपाई गई पांच मूर्तियां बरामद कर ली। आशंका है कि चोरी के बाद मूर्तियाें को छिपाया गया था। अभी चोर उन्हें ले जाते, उसके पहले ही ग्रामीण की सूचना पर पुलिस ने मूर्तियां बरामद कर लीं। मूर्तियां किस धातु की हैं और कहां से लाई गई थीं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
बलुआ के रामअद्या सिंह बुधवार की सुबह अपने खेत में धान की रोपाई के लिए गए थे। खेत में लगे पेड़ के नीचे पत्तों से ढककर छिपाए गए एक बोरे पर उनकी नजर पड़ी। देखने में मूर्तियां पीतल की तरह चमक रही थीं। वह तत्काल काम बंद कर मूर्तियों को लेकर गांव में आए और लोगों को इसकी जानकारी दी। रामअद्या मूर्तियों को गांव में मंदिर में रखना चाह रहे थे, लेकिन कुछ लोगों ने मना करके पुलिस को इसकी जानकारी देने के लिए कहा। सूचना पर आई पुलिस मूर्तियां बरामद कर ली।