पुलिस पर हमला कर भाग रहे चार पशु तस्कर गिरफ्तार
गगहा (गोरखपुर)। इलाके के असवनपार पुल के पास बुधवार की देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर भाग रहे चार पशु तस्करों को पुलिस ने दबोच लिया। उनके पास से पलिस ने 13 गोवंश पशु को बरामद कर लिया। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बड़हलगंज के भैंसवली निवासी दुर्गेश, चिल्लूपार निवासी गोलू, देवरिया के बनकटा निवासी आफताब आलम और आजाद के रूप में हुई है। पुलिस लाइंस में एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि पुलिस को रात में 2:30 बजे असवनपार पुल के समीप पहुंची थी। यही पर पुलिस को तस्करों के आने की जानकारी मिली जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। तभी आजमगढ़ से बड़हलगंज होते हुए दो वाहन आते दिखे।
पुलिस ने वाहनों को रोकने की कोशिश की तो तस्करों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और फायर भी किया। खुद को बचाते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने तस्करी के जरिये पशुओं को बिहार बेचने में संलिप्त होना स्वीकार कर लिया।