प्रक्षिशु परिचालक कृष्ण मोहन लाल श्रीवास्तव चोटिल हो गए।
- फोटो : rajesh
रेलवे बस स्टैंड पर सोमवार को बसों को आगे लगाने को लेकर दो परिचालकों में विवाद हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बीच बचाव कर मामले को शांत करा दिया। इसी बीच गोरखपुर डिपो के परिचालक ने बैग से दस हजार रुपये गायब होने का आरोप लगाया। इस पर जिस परिचालक से विवाद हुआ था दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट से नाराज परिचालक ने कचहरी बस स्टैंड पर सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने परिचालकों को समझाकर जाम खुलवाया। \
रेलवे बस स्टैंड पर दोपहर में लगभग दो बजे दिल्ली जाने वाली बसों की लाइन लगी थी। गोरखपुर डिपो की बस सोनौली से दिल्ली भी लगी हुई थी। इसी बीच राप्तीनगर डिपो की बस दिल्ली जाने के लिए लाइन में पहुंच गई। गोरखपुर डिपो के संविदा परिचालक गणेश पांडेय और राप्तीनगर के प्रशिक्षु परिचालक कृष्ण मोहन लाल श्रीवास्तव के बीच बसों को आगे लगाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों में कहासुनी शुरू हो गई विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद कर्मचारियों ने मामला शांत करा दिया। इसी बीच गणेश पांडेय के बैग से दस हजार रुपये गायब थे। गणेश का आरोप था कि रुपये विवाद के समय कृष्ण मोहन लाल श्रीवास्तव ने निकाल लिया। इसी बात को लेकर दूसरी बार फिर से दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान गोरखपुर डिपो के अन्य संविदा परिचालक भी पहुंच गए और कृष्ण मोहन को पीट दिया। इससे नाराज होकर कृष्ण मोहन कचहरी बस स्टैंड पर साथियों को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगा। सूचना पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिचालकों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया। कृष्ण मोहन और गणेश दोनों ने कैंट थाने में तहरीर दे दी है।
बसों को लगाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों परिचालक ने शिकायत की है। मामले की जांच कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आरके मंडल, एआरएम गोरखपुर डिपो