शहर में कई लोगों को घायल कर चुके हैं सांड़
शाहपुर के एचएन सिंह चौराहे पर सांड़ के हमले में स्कूटी सवार एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। गोरखपुर यूनिवर्सिटी से लौट रही छात्रा पर सांड़ ने अचानक हमला कर दिया। छात्रा के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
राप्तीनगर फेज चार निवासी अनिल तिवारी रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में कर्मचारी हैं। शनिवार की शाम उनकी बेटी अंकिता तिवारी स्कूटी से गोरखपुर यूनिवर्सिटी से प्रवेश के संबंध में जानकारी लेने गई थी। वहां से दोपहर दो बजे वह घर लौट रही थी। एचएन सिंह चौराहे पर बीच सड़क सांड़ खड़ा देख अंकिता ने स्कूटी रोक दी। इसके पहले कि वह कुछ समझ पाती, सांड़ ने उस पर हमला कर दिया। अंकिता के दोनों हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
आसपास मौजूद लोगों ने सांड़ को भगाने के बाद इसकी जानकारी उनके पिता अनिल तिवारी को दी। अनिल ने पास के अस्पताल में उसका इलाज कराया।