बुलेट से विदाई कराकर दुल्हन ले जाता दुल्हा ।
- फोटो : rajesh
शहर के एक मैरेज हाल से शुक्रवार की सुबह दुल्हन को बुलेट पर विदा कराके निकले दूल्हे को देखकर एकबारगी लोग हैरत में पड़ गए। कुछ ने जहां विदाई के वक्त सेल्फी ली वहीं कई लोग रास्ते में भी दोनों की फोटो खींचने से खुद को नहीं रोक सके। यह नवविवाहित जोड़ा जिस भी रास्ते से गुजरा, लोगों के चेहरे पर मुस्कान तैरती चली गई।
गोरखपुर के लालडिग्गी निवासी स्व रमेश चन्द गुप्ता और आशा गुप्ता के पुत्र गौरव गुप्ता की शादी तीन महीने पहले देवरिया के आनंद कुमार कश्यप और सविता गुप्ता की बेटी अंकिता के साथ तय हुई थी। 17 नवंबर को शहर के एक मैरेज हाल में शादी का कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। सुबह जब विदाई का समय आया तो रस्मों रिवाज के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को बुलेट पर बैठाकर निकला। यह जोड़ा बैंक रोड से टाउनहाल, यूनिवर्सिटी चौराहा, रामगढ़ताल, अंबेडकर चौक, शास्त्री चौक, घोष कंपनी, रेती रोड होते हुए अपने घर पहुंचा। नवदंपति के साथ उनका परिवार भी कार से पीछे-पीछे चल रहा था।