4 जी वार में रिलायंस को मात देने उतरी बीएसएनएल ने भले ही 83 पैसे में एक जीबी डेटा देने की घोषणा की है। मगर डेटा स्पीड में रिलायंस को मात देना बीएसएनएल के लिए इतना आसान नहीं है, क्योंकि अभी तो बीएसएनएल के थ्री जी नेटवर्क पर टूजी डेटा की स्पीड भी बड़ी मुश्किल से मिल रही है।
निजी क्षेत्र की रिलायंस, एयरसेल, आइडिया, एयरटेल आदि सेल्युलर कंपनियां अभी टूजी डेटा की बिक्री कर रही हैं, मगर बीएसएनएल एक ऐसी कंपनी है, जो बहुत पहले ही टू जी डेटा की बिक्री बंद कर चुकी है, क्योंकि बीएसएनएल के पास सबसे अधिक अपग्रेड तकनीकी और टॉवर हैं। इसलिए बीएसएनएल केवल थ्री जी डेटा की बिक्री करती है। मगर उपभोक्ताओं का दुर्भाग्य है कि बीएसएनएल के थ्री जी नेटवर्क पर टूजी की स्पीड भी बड़ी मुश्किल मिल रही है। जबकि गांव से लेकर शहर तक सर्वाधिक बीएसएनएल के ही टॉवर हैं।
स्थिति यह है कि शहरी क्षेत्र के तारामंडल, देवरिया बाईपास, रुस्तमपुर, नौसढ़, गीडा, बेतियाहाता आदि मोहल्लों में थ्री जी की स्पीड नहीं मिल रही है। सबसे खराब थ्री जी की स्पीड तारा मंडल व देवरिया बाईपास क्षेत्र में हैं। ऐसे में अगर नौ सितंबर से बीएसएनएल 4 जी लांच भी कर देता है तो भी उपभोक्ताओं को रिझाने में बहुत अधिक सफल नहीं होगा। महाप्रबंधक जीपी त्रिपाठी ने बताया कि 4 जी के लांच होने के बाद नेटवर्क को बेहतर करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, जिन क्षेत्रों में अभी टू जी की स्पीड मिल रही है। वहां पर भी सुधार किया जाएगा।
आधे भुगतान पर बीएसएनएल शुरू करेगा पुराना नंबर
बकाएदारों के लिए बीएसएनएल सुनहरा अवसर लेकर आया है। उपभोक्ता आधे भुगतान पर अपना पुराना यूनीक नंबर चालू करा सकते हैं। लैंडलाइन के हजारों ऐसे उपभोक्ता हैं, जो मोबाइल युग की शुरूआत के बाद लैंड लाइन टेलीफोन का इस्तेमाल लगभग बंद ही कर दिया। बहुतों ने टेलीफोन बिल का भुगतान भी नहीं किया। इस पर चेतावनी के साथ बीएसएनएल ने पहले आउटगोइंग बंद कर दी। इसके बाद भी जब लोगों ने भुगतान नहीं किया तो नोटिस भेजने के साथ ही इनकमिंग भी बंद कर दी। इसके बाद भी उपभोक्ताओं ने न तो अपना बंद लैंड लाइन नंबर चालू कराया और न ही बीएसएनएल को बेसिक टेलीफोन का इंस्टूमेंट वापस किया।
यही नहीं, नोटिस का भी उपभोक्ताओं ने जवाब नहीं दिया। इस पर बीएसएनएल ने उनके लैंड लाइन नंबर को बकायादारों की लिस्ट में डालते हुए बंद कर दिया। बहरहाल लंबे अंतराल के बाद 4 जी के इस युग में बीएसएनएल बेसिक टेलीफोन के बकायेदारों के लिए बेहतर ऑफर लेकर आया है। वर्ष 2011 से पहले के वह बकायेदार जिनका यूनीक लैंड लाइन बिल न जमा होने के कारण कट गया है। अब वह अपना नंबर शुरू करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें बकाए राशि का 50 फीसदी भुगतान करना होगा।
आज भी ऐसे लोग हैं, जो वर्षों पुराना फैंसी टेलीफोन नंबर को फिर से चालू करना चाहते हैं। मगर बकाया धनराशि अधिक होने की वजह से वह अपना लैंडलाइन शुरू नहीं कर रहे हैं। यह ऑफर उन्हीं लोगों के लिए है।
- जीपी त्रिपाठी, महाप्रबंधक, बीएसएनएल