युवती ने उचक्के को दौड़कर पकड़ा
ओवरब्रिज के पास एटीएम से पैसा निकालने आई थी युवती
अमर उजाला ब्यूरो
कसया(कुशीनगर)। नगर के ओवरब्रिज चौराहे के समीप एटीएम से पैसा निकालने पहुंची युवती को झांसा देकर दो उचक्कों ने रकम उड़ा दी। शोर मचाते हुए युवती ने दौड़ाकर एक युवक को पकड़ लिया। आसपास लोगों ने दूसरे को भी दबोच लिया। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कसया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा सिरसिया टोला हतवा निवासी नीलम सिंह पुत्री वीरेंद्र प्रताप सिंह नगर के पीएनबी बैंक व ओवरब्रिज के मध्य स्थित एटीएम में पैसा निकालने गई थी। रकम नहीं निकल रही थी तो वहां खड़े दो युवक सहयोग करने लगे। एक पैसा निकालने लगा तो दूसरा युवती से बातें करने लगा। इसी दौरान युवक ने यह कहते हुए एटीएम कार्ड वापस कर दिया कि पैसा नहीं निकल रहा है। दोनों वहां से जाने लगे तभी युवती के मोबाइल पर बैलेंस कटने का मैसेज आया। खाते से 10 हजार रुपये निकल गए थे। युवती चीखते हुए युवकों के पीछे दौड़ी। एक उचक्के को स्थानीय लोगों ने तो दूसरे को लड़की ने खुद ही पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई।
इस संबंध में एसओ ज्ञानेंद्र कुमार राय ने बताया कि युवती की तरफ से तहरीर मिली है। एक के पास से पैसा भी मिल गया है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।