गोरखपुर। स्टेट जूनियर बालिका बाक्सिंग में चाइना यादव ने गोरखपुर मंडल के लिए स्वर्ण जीता। सोमवार को रीजनल स्पोर्ट्स पहुंचने पर साथी खिलाड़ियों ने चाइन का स्वागत किया। कानपुर में भी ‘अमर उजाला’ की तरफ से आयोजित बाक्सिंग प्रतियोगिता में चाइना ने स्वर्ण पदक जीता था।
फर्रुखाबाद के परमदत्त स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक से चार सितंबर तक हुई स्टेट बाक्सिंग प्रतियोगिता में गोरखपुर मंडल से 51 से 54 किलो भार वर्ग में नंदानगर निवासी आनंद यादव की पुत्री चाइना एवं 57 किलो वर्ग में आयुषी सिंह ने हिस्सा लिया। आयुषी तो पहले ही बाउट में बाहर हो गईं, मगर चाइना ने न सिर्फ फाइनल तक का सफर तय किया बल्कि खिताबी मुकाबले में उन्होंने इलाहाबाद की नाहिदा अंसारी को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
नेशनल जूनियर चैंपियनशिप खेल चुकी चाइना बेस्ट प्रमोटिंग बॉक्सर अवार्ड भी जीत चुकी हैं। देश की सर्वोच्च बॉक्सर मैरीकाम के बाक्सिंग क्लब में उन्हें निशुल्क ट्रेनिंग का आफर भी मिल चुका है। उनके प्रदर्शन पर कोच प्रवीन कुमार, विजेंद्र पाटिल, आशीष वर्मा, पंकज यादव, विजयानंद शाही, पिंकी, प्रीति, सुष्मिता, राघवेंद्र शाही आदि ने बधाई दी है।