शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए 18 मई को ब्लू प्रिंट तैयार किया जाएगा। इसे लेकर कमिश्नर अनिल कुमार ने डीएम, एसएसपी समेत करीब 12 विभागों के अफसरों की बैठक बुलाई है। इसमें जीडीए, गीडा, नगर निगम, लोनिवि, बिजली, यातायात, आरटीओ, रोडवेज, डूडा और आवास विकास आदि विभागों के अफसर शामिल हैं। सभी अफसरों को यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अपनी-अपनी कार्ययोजनाओं के साथ बैठक में शामिल होने को कहा गया है। कमिश्नर सभागार में शाम 6:30 से 7:30 बजे तक होने वाली इस बैठक में सभी अफसरों को अनिवार्य तौर पर उपस्थित होने को कहा गया है।
इसी दिन कमिश्नर ने शहर के सौंदर्यीकरण के लिए जीडीए, नगर निगम, आवास विकास और डूडा के अफसरों की भी बैठक बुलाई है जो दोपहर तीन बजे से होगी। ट्रैफिक सुधारने के क्रम में आईजी मोहित अग्रवाल ने भी हाल ही में बैठक की थी। उन्होंने इस संबंध में अपनी पूरी रिपोर्ट कमिश्नर को भेजी है। बैठक में उनकी रिपोर्ट में सुझाए गए उपायों पर भी अमल के लिए निर्देश जारी किए जा सकते हैं। आईजी ने अपनी रिपोर्ट में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पार्किंग, ओवरब्रिज, अंडरपास और कई सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव भेजा है। इसके अलावा कुछ सड़कों को वन-वे करने, फुटपाथ से कब्जा हटाने और एक ही रूट के स्कूलों के खुलने-बंद होने का समय तय करने पर भी निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।
सीएम की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा 17 को
विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान इस बार मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति जांचने पर विशेष जोर रहेगा। 17 मई को आयोजित इस बैठक को लेकर कमिश्नर ने सभी डीएम और सीडीओ को इन योजनाओं की वर्तमान स्थिति की पूरी रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने को कहा है। इसमें वे सभी योजनाएं शामिल हैं जिन्हें लेकर मुख्यमंत्री ने 30 अप्रैल को जीडीए सभागार में समीक्षा की थी।