भाजपा नेता समेत तीन की आइडी हैक कर रुपये मांगे
गोरखपुर। भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री, लखनऊ में तैनात इंस्पेक्टर व हाईकोर्ट के अधिवक्ता की फेसबुक आईडी हैक कर जालसाज ने बीमारी के नाम पर उनके परिचितों से रुपये की मदद मांगी। रिश्तेदारों व दोस्तों के फोन आने पर इन लोगों को फेसबुक आईडी हैक होने का पता लगा। भाजपा नेता की शिकायत पर साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के मंत्री प्रदीप शुक्ल आवास विकास कॉलोनी कूड़ाघाट में रहते हैं। बृहस्पतिवार की शाम रिश्तेदार व दोस्त फोन कर पूछने लगे कि फेसबुक पर रुपये की मदद मांगने की क्या जरूरत पड़ गई। कौन बीमार, जिसके लिए रुपये की जरूरत हो गई। उसके बाद भाजपा नेता ने अपना फेसबुक अकाउंट देखा। जिसमें वह खुद अपने दोस्तों से रुपये की मदद मांग रहे हैं। उसमें लिखा था- मेरे दोस्त की लड़की हास्पिटल में भर्ती है जिसको रुपये की सख्त जरूरत है। मेरे दिए गए अकाउंट में रुपये ट्रांसफर कर दो।
हैकर ने ऐसे मैसेज भाजपा नेता की फ्रेंड लिस्ट में मौजूद कई लोगों को भेजा है। जिसके बाद उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट डाल आइडी हैक होने की जानकारी परिचितों को दी। रात में आवास पर एसएसपी से मुलाकात कर प्रार्थना पत्र दिया। हैकर ने लखनऊ में तैनात इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय और हाईकोर्ट के अधिवक्ता रमेश चंद्र की फेसबुक आइडी हैक कर बीमारी के नाम पर उनके रिश्तेदार व दोस्तों से रुपये मांगे हैं।