पाइप निकालकर फिर से बनाया जाएगा नाला
गोरखपुर। गारेखपुर-महराजगंज फोरलने के असुरन से मेडिकल कॉलेज तक के हिस्से में निर्माण में दिक्कतों को दूर करने के लिए शुक्रवार को डीएम कार्यालय में घंटे भर तक बैठक चली। इस दौरान डीएम के. विजयेंद्र पांडियन और नगर आयुक्त अंजनी सिंह के अलावा नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल और लोक निर्माण विभाग के भी अफसर मौजूद रहे। कुछ दिन पूर्व ही नगर विधायक ने इस मार्ग का निरीक्षण कर कई खामियों पर नाराजगी जताई थी। बृहस्पतिवार को उनकी गाड़ी इसी निर्माणाधीन मार्ग पर जमा मलबे में फंस गई थी जिसके बाद मामला और गरमा गया।
बैठक में तय हुआ कि मेडिकल कॉलेज तक नाले के लिए डाली गई ह्यूम पाइप को निकालकर नये सिरे से नाला निर्माण होगा। इसे लेकर लोनिवि को नए सिरे से सर्वे कर काम शुरू कराने को कहा गया। बैठक में नगर निगम की तरफ से भी नाला निर्माण पर आपत्ति दर्ज कराई गई और बताया गया कि फोरलेन के किनारे का नाला कॉलोनियों से आने वाले नालों से 80 सेंटीमीटर ऊंचा है। इससे कॉलोनी का पानी मुख्य नाले में जाकर मिल ही नहीं पाएगा जससे जलभराव की समस्या खड़ी होगी। बरसात में कई कॉलोनियों में इसी वजह से कई दिनों तक जलभराव की समस्या भी बनी रही।
इस पर डीएम ने भी नाराजगी जताते हुए लोनिवि और नगर निगम को संयुक्त रूप से दोनों नालों का बेस लेवल जांचने का निर्देश दिया। पानी की निकासी के लिए डाले गए ह्यूम पाइप को निकाल कर नए सिरे से नाला निर्माण पर सहमति बनी। नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने बताया कि अब वह लोनिवि के इंजीनियरों के खिलाफ मुकदमा नहीं करेंगे बल्कि पूरे मामले को विधानसभा में उठाएंगे। बैठक में डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह, नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चन्द्र, उप नगर आयुक्त अवनींद्र सिंह, लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार तथा सहायक अभियंता राजेश कुमार मौजूद रहे।
सड़कों के क्रास व मोड़ को छोड़कर सभी ह्यूूम पाईप निकाले जाएंगे
बैठक में तय हुआ सड़कों के क्रास तथा मोड़ को छोड़कर बाकी सारे ह्यूम पाईप खोदकर निकाल दिए जाएंगे। नालों पर नॉन रिटर्निंग वाल्व लगवाये जाएंगे ताकि नाले का पानी कालोनियों में वापस न जाए। यह भी तय हुआ कि असुरन से मेडिकल रोड के कनेक्टिंग रास्तों को लोनिवि ठीक करेगा। इसके साथ ही मोड़ पर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी ताकि दुर्घटना न हो। निर्माण के दौरान सड़क पर पानी का छिड़काव होगा ताकि धूल न उड़े। अब नाला मेडिकल कॉलेज के बजाए झुंगिया गांव के मोड़ तक बनेगा।
कामों की तय हुई समय सीमा
- 14 दिसंबर तक सड़क से पानी निकासी हो जाएगी।
- 20 दिसम्बर तक संयुक्त टीम नालों के लिए करेगी सर्वे, मोड़ पर पथप्रकाश लग जाएंगे और कनेक्टिंग रास्ते ठीक होंगे।
- 15 जनवरी तक ह्यूम पाईप खोदकर निकाल लिए जाएंगे।
- फ रवरी 2020 तक पूरा हो जाएगा नालों का निर्माण कार्य
- मार्च 2020 तक पूरा हो जाएगा फोरलेन का निर्माण