भाजपा के जुझारू नेता और गोरखपुर यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री विनय सिंह ‘बिन्नू’ का शुक्रवार की सुबह देहांत हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। मौत की सूचना से भाजपाइयों और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। भाजपा कार्यालय समेत विभिन्न स्थानों पर शोक सभा कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। वहीं देर रात तक मोहद्दीपुर स्थित उनके आवास पर पार्थिव शरीर को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए भी लोगों की भीड़ जुटी रही। शनिवार की सुबह 10 बजे राजघाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा।
बेनीगंज स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित शोक सभा में क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिव कुमार पाठक, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष जर्नादन, राहुल श्रीवास्तव, शीतल पांडेय, अभिषेक सिंह समेत कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रहकर श्रद्धांजलि दी। हियुवा कार्यालय पर शोक सभा में पदाधिकारियों ने ‘बिन्नू’ के सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और उनकी लोकप्रियता के बारे में चर्चा करते हुए अपनी शोक संवदेनाएं व्यक्त की। इस दौरान राघवेंद्र प्रताप सिंह, सुनील सिंह, रामलक्ष्मण आदि मौजूद रहे। उधर, अमर शहीद बंधू सिंह स्मारक समिति के उपाध्यक्ष अशोक कुमार शाही की अध्यक्षता में भी शोक सभा हुई। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यापक भवन में शिक्षकों ने भी दो मिनट का मौन रखकर ‘बिन्नू’ को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष भक्त राज राम त्रिपाठी, श्रीधर मिश्र, राजेश धर दुबे समेत कई शिक्षक नेता मौजूद रहे।
‘बिन्नू’ का जाना विचारधारा की अपूरणीय क्षति: आदित्यनाथ
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सांसद महंत आदित्यनाथ ने कहा कि विनय सिंह का आकस्मिक निधन पार्टी एवं विचारधारा की अपूरणीय क्षति है। छात्रसंघ के पदाधिकारी और एक होनहार छात्र नेता के रूप में शहीद बंधु सिंह की विरासत को जिस कुशलतापूर्वक उन्होंने आगे बढ़ाया, वह नौजवानों के लिए अनुकरणीय रहा। सन् 1990 के दशक के प्रारंभ में कांग्रेस की केंद्र सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार की चली राष्ट्रव्यापी आंदोलन में भी उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौजवानों का नेतृत्व किया। उधर, संतकबीरनगर के भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते कहा कि विनय के निधन से न केवल पार्टी बल्कि छात्र राजनीति में भी अपूर्णनीय क्षति हुई है।
छात्र नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
गोरखपुर यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष विनय सिंह की मौत की सूचना मिलते ही छात्रनेता भी शोक में डूब गए। छात्रसंघ के कई पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों ने उनके घर पहुंच कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया तो कई ने अलग-अलग स्थानों पर शोक सभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विश्वकर्मा द्विवेदी, दिनेश चंद्र श्रीवास्तव, राधेश्याम सिंह, विभ्राट चंद कौशिक, भानु प्रताप सिंह, विजय नारायण सिंह, रुप कुमार सिंह, नीरज शाही, अंशुमान त्रिपाठी, संजीव कुमार सिंह, बंधु उपेंद्र नाथ सिंह, विश्वजीत सिंह, योगेश प्रताप सिंह, धीरज सिंह, अमरेंद्र कुमार मल्ल, संजय त्रिपाठी समेत कई छात्रनेता मौजूद रहे।