जटाशंकर गुरुद्वारा से निकाली गई शोभायात्रा में पंजाब से आए युवाओं ने करतब दिखाए।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
सिखों के प्रथम गुरु गुरुनानक देव महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा जटाशंकर से दोपहर दो बजे शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया और फूलों से सजे गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी की पूजा की।
गुरुद्वारा में सुबह सात बजे जयकारों के बीच गुरुद्वारा में लगे 80 फीट ऊंचे निसान साहिब को नया केसरिया चोला पहनाया गया। मेयर डॉ. सत्या पांडेय ने अरदास एवं पुष्प अर्पण कर शोभायात्रा रवाना किया। इसमें सिख समाज के बच्चे निहंग की वेशभूषा में केसरी निसान लेकर चल रहे थे। बैंड बाजों पर सबद की धुन बज रही थी। श्रद्धालुओं के जत्थे ढोल-मजीरों के साथ गुरुवाणी गाते चल रहे थे। इनके पीछे घोड़ों पर सवार पंच प्यारे और सबसे पीछे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी सजाई गई थी। गुरु की सवारी के आगे समुदाय के लोग झाड़ू लेकर सड़क की सफाई कर पानी का छिड़काव कर रहे थे।
शोभायात्रा हजारीपुर, आर्यनगर, बक्शीपुर, नखास, रेती चौक, घोष कंपनी, टाउनहाल, गोलघर, धर्मशाला बाजार होते हुए शाम 7:30 बजे गुरुद्वारा लौटी। कई स्थानों पर सिख, हिंदू एवं सिंधी समाज के लोगों ने स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं को जलपान कराया। शोभायात्रा के बाद गुरुद्वारा परिसर में आरती एवं अरदास का आयोजन हुआ। गुरु के लंगर वितरण से कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर गुरुद्वारा समिति के संरक्षक सरदार निर्मल सिंह, हरभजन सिंह, अध्यक्ष जसपाल सिंह, महामंत्री कुलदीप सिंह अरोरा, उपाध्यक्ष हरबंस सिंह, जितेंद्र सिंह, जगनैन सिंह नीटू, राजेंद्र सिंह, तेजपाल सिंह, लक्की सिंह आदि रहे।
प्रकाशोत्सव पर दिन भर होंगे कार्यक्रम
गुरुनानक देव महाराज का 546वें प्रकाशोत्सव पर्व पर गुरुद्वारा जटाशंकर में गुरुवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। गुरुद्वारा समिति के अध्यक्ष जसपाल सिंह ने बताया कि धार्मिक आयोजनों के बीच 11:30 बजे से रक्तदाता सम्मान समारोह होगा। अंत में लंगर का भी आयोजन होगा।