ऑटो से टकराई बाइक, जांच में चोरी की निकली
सरहरी (गोरखपुर)। गुलरिहा इलाके के सरहरी इलाके में ऑटो और बाइक में टक्कर हो गई। आरोप है कि बाइक सवार रामपुर निवासी सन्नी यादव ने ऑटो सवार शर्मानंद की पिटाई कर दी। पीड़ित ने थाने में शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। जांच पड़ताल हुई तो पता चला कि सन्नी यादव के पास से बरामद बाइक चोरी की है। हालांकि पुलिस इस मामले में खुद की पीठ थपथपा रही है। पुलिस का कहना है कि सोमवार की शाम चेकिंग के दौरान मलांग स्थान से आरोपी को पकड़ा गया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की दोपहर रामपुर निवासी सन्नी यादव बाइक से कहीं जा रहा था। शर्मानंद ऑटो से जा रहे थे। सरहरी के पास दोनों की गाड़ी टकरा गई। इस दौरान सन्नी ने अपने साथी के साथ मिलकर शर्मानंद की पिटाई कर दी। शर्मानंद फरियाद लेकर थाने पर गया तो पुलिस ने सन्नी को दबोच लिया। जांच में यह पता चला कि सन्नी की बाइक चोरी की है। पूछताछ में सन्नी ने बताया कि उसके पास बाइक के कोई कागजात नहीं हैं। हालांकि चोरी से उसने इंकार किया है। उसका कहना है कि किसी ने उसे बाइक बेची थी।