245 बिजली उपभोक्ताओं पर दर्ज होगा मुकदमा
गोरखपुर। बिजली मीटर से छेेड़छाड़ करने वाले 245 उपभोक्ताआें पर बिजली निगम कार्रवाई करने की तैयारी में हैं। मीटर परीक्षण की लैब रिपोर्ट के सामने आने के बाद से निगम इन उपभोक्ताओं पर मुकदमा दर्ज कराएगा। स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान इन उपभोक्ताओं के पुराने मीटर धीमे चलते मिले थे। जब इसकी जांच मीटर परीक्षण लैब में कराई गई तो गड़बड़झाला प्रकाश में आया कि मीटर से छेड़छाड़ हुई थी।
बक्शीपुर डिवीजन में 3500 उपभोक्ताओं के पुराने मीटर बदलकर नए स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। मीटर बदलने के दौरान 245 उपभोक्ताओं के मीटर जांच में धीमा चलते पाए गए। ऐसे उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराई जाएगी।
गलती करें स्वीकार तो नहीं होगा मुकदमा
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता यदुनाथ राम ने बताया कि उनके कार्यालय में उपभोक्ता मीटर से की गई छेड़छाड़ को लिखित रूप में स्वीकार कर सकते हैं। ऐसा करने पर बिजली निगम के प्रावधानों के अनुसार राजस्व जमा कराकर उनका मीटर बदलवा दिया जाएगा और बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं होगा।
10 उपभोक्ताओं पर मुकदमा
विजिलेंस टीम के साथ बक्शीपुर के उपखंड अधिकारी ई आरके सिंह, अवर अभियंता सुनील यादव ने सूरजकुंड, तिवारीपुर और माधोपुर आदि क्षेत्रों में जांच की। जांच में 10 उपभोक्ता मीटर में शंट लगाकर बिजली चोरी करते पाए गए। अधिशासी अभियंता यदुनाथ राम ने बताया कि उनके खिलाफ तिवारीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।