सेमिनार का उद्घाटन करते गणमान्य लोग।
- फोटो : Rajesh Kumar
जन्म के बाद चेहरे की बनावट की तारीफ में आंखों पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। सामान्य तौर पर आंखें बड़ी होने पर लोग खुश होते हैं, मगर यह एक बीमारी भी हो सकती है। यदि मां-बाप और घर के अन्य सदस्य की तुलना में बच्चे की आंख बड़ी है तो यह सोनबाई बीमारी है, जो इलाज के अभाव में बच्चे को अंधा बना सकता है।
यह बातें दिल्ली से आए डॉ. देवेंद्र ने कही। वह मेडिकल कॉलेज में आयोजित नयन उत्सव में डॉक्टरों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जन्म से एक-दो हफ्ते में ही ऐसे बच्चे अंधे हो सकते हैं। आंखें ज्यादा बड़ी हो या फिर आखों में सफेद या भूरे रंग का धब्बा हो तो तत्काल इलाज कराना चाहिए। डॉ. बीपी कश्यप ने आंखों में चोट के बारे में बताया कि आंख में कोई भी चोट हो उसका इलाज बहुत ही सावधानी से करनी चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही रोशनी छीन सकती है।
बनारस के डॉ. नीरज पांडेय ने बताया कि प्री-मेच्योर बेबी होने पर उसे जरूर दिखाना चाहिए। क्योंकि अक्सर ऐसे बच्चों की आंखों की पुतलियां अविकसित होती हैं। समय से जानकारी होने पर ही इलाज संभव होता है। मेडिकल कॉलेज नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. रामकुमार जायसवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मुरादाबाद के डॉ. पल्लव अग्रवाल, डॉ. पीके पांडेय, इलाहाबाद के डॉ. मुकेश खरे, डॉ. महिमा सचदेव, डॉ. अनिल श्रीवास्तव सहित कई शहरों के डॉक्टर उपस्थित रहे।
नयन उत्सव का उद्घाटन किया
उप्र ऑप्थैलमोलॉजिकल का वार्षिकोत्सव समारोह ‘नयन उत्सव’ का मेडिकल कॉलेज में शनिवार को शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. आरसी सक्सेना ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। सर्वप्रथम शाम पांच बजे एमबीबीएस की छात्राओं ने सरस्वती वंदना कर समारोह की शुरुआत की। मुख्य अतिथि के साथ डॉ. अनिल कुमार, डॉ. विजय चतुर्वेदी, प्राचार्य डॉ. राजीव मिश्रा, डॉ. विनीता सिंह, डॉ. आरसी गुप्ता, डॉ. पूर्णिमा शुक्ला, डॉ. शालिनी मोहन दीप प्रज्ज्वलन में मौजूद थे।
मुरादाबाद में होगा अगला सेमिनार
51वें उप्र ऑप्थैलमोलॉजिकल सोसाइटी के वार्षिकोत्सव के दौरान ही अगले सेमिनार का स्थान तय कर लिया गया है। दिसंबर 2017 में मुरादाबाद में सेमिनार कराए जाने का फैसला लिया गया है। लंबे समय से मुरादाबाद में संस्था का कार्यक्रम नहीं हुआ था। यह जानकारी देते हुए मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. रामकुमार जायसवाल ने बताया कि सर्वसम्मत से मुरादाबाद में अगला सेमिनार तय किया गया है।