26 से लगातार चार दिन बंद रहेंगे बैंक
गोरखपुर। अगले सप्ताह अगर आपको बैंक संबंधी कोई काम है तो उसे पहले ही निपटा लीजिए। 26 सितंबर से बैंक लगातार चार दिन बंद रहेंगे। 26 और 27 सितंबर को हड़ताल रहेगी। 28 सितंबर को चौथा शनिवार और 29 सितंबर को रविवार की वजह से बैंक बंद रहेंगे। दो दिन खुलने के बाद फिर दो अक्तूबर को गांधी जयंती के चलते बैंक बंद रहेंगे।
बैंकों के विलय और एकीकरण, वेज रिवीजन, पांच दिन का कामकाज, पेंशन समेत विभिन्न मांगों को लेकर ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कनफडेरेशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस और नेशनल आर्गेनाइजेशन ऑफ बैंक ऑफिसर्स ने 26 और 27 सितंबर को हड़ताल का आह्वान किया है। ऑल इंडिया इलाहाबाद बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर बुलाई गई इस हड़ताल में सभी बैंकों के अधिकारी शामिल होंगे। वहीं ऑल इंडिया इलाहाबाद बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन के सचिव आशुतोष सिंह ने बताया कि इस हड़ताल का सभी बैंक कर्मचारी संगठन का समर्थन है।